Site icon Akclivenews18

शिब्ली कॉलेज में इग्नू का मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र आयोजित

शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र (48065) में विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन, कैरियर निर्माण तथा रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा के उद्देश्य से “स्वागत, मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, वाराणसी के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. उपेन्द्र नाभ त्रिपाठी तथा इग्नू के सहायक निदेशक श्री देव नारायण पाठक ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने इग्नू की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इग्नू द्वारा उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो. मोहम्मद खालिद ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उचित मार्गदर्शन एवं परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक लक्ष्यों के प्रति गंभीर रहते हुए उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने इग्नू अध्ययन केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासों की सराहना की। साथ ही कहा उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा आज उन विद्यार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध करा रही है, जो विभिन्न कारणों से नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते हैं।

इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. मोहम्मद जाहिद ने विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगारपरक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से साइबर विधि, मोबाइल अनुप्रयोग एवं कंप्यूटर अनुप्रयोग, पोषण, परामर्श, पत्रकारिता एवं जनसंचार, अस्पताल एवं स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन, होटल प्रबंधन तथा कुक्कुट पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध कौशल एवं व्यावसायिक शिक्षा की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने कहा कि, “आज के बदलते दौर में शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और रोजगार के लिए सक्षम बनाना है।”

कार्यक्रम का संचालन प्रो. मोहम्मद ताहिर ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के विभिन्न चरणों का प्रभावी संचालन करते हुए अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का परिचय कराया तथा कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रम चयन, सत्रीय कार्य, परीक्षा, अध्ययन सामग्री, कैरियर निर्माण एवं रोजगार से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे। इग्नू के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इग्नू अध्ययन केंद्र द्वारा आयोजित इस मार्गदर्शन एवं परामर्श सत्र को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें उच्च शिक्षा, पाठ्यक्रम चयन तथा कैरियर निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

Exit mobile version