आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रांगण में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के संस्थापक/प्रबंधक श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव, निदेशिका श्रीमती कंचन यादव, श्री अजेन्द्र राय, श्री पुनीत राय एवं प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इसके बाद बच्चों ने राष्ट्रगान, वंदे मातरम्, झंडा गीत, ‘मां से है माटी’ तथा ‘जहां डाल-डाल पर चिड़ियां करती हैं बसेरा’ जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। वहीं ‘मेरे देश की धरती’ और ‘जागा हिन्दुस्तान’ पर समूह नृत्य ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में श्री राजेन्द्र प्रसाद यादव ने श्री अजेन्द्र राय एवं श्री पुनीत राय को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। वहीं निदेशिका श्रीमती कंचन यादव ने कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उचित मार्गदर्शन से वे राष्ट्र सेवा के लिए तैयार होंगे।
प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित में त्याग, समर्पण और अनुशासन की भावना अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। अंत में सभी को मिष्ठान वितरित किया गया।
