Site icon Akclivenews18

मेहनगर एवं लालगंज विधानसभा में कांग्रेस पार्टी की संगठन सृजन अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित

आजमगढ़। संगठन सृजन अभियान के तहत आज मेहनगर एवं लालगंज विधानसभा में समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में शाकिर सनादी, राज्य मंत्री, कर्नाटक सरकार एवं एआईसीसी प्रभारी–संगठन सृजन अभियान, आजमगढ़ की उपस्थिति में विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया गया।

बैठकों में पीसीसी पर्यवेक्षक प्रमोद कुमार पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस सेवादल; डॉ. अमित कुमार राय, चेयरमैन, शिक्षक कांग्रेस; एवं बृजेश सिंह गाट, पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, बलिया कांग्रेस भी उपस्थित रहे। इस दौरान बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

शाकिर सनादी ने विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं, सुझाव और संगठन से संबंधित जमीनी फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और संगठन की वास्तविक स्थिति का जमीनी आकलन करना है।

शाकिर सनादी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की बात सुनना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके सुझावों को संगठन की कार्ययोजना में शामिल करना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। मेहनगर और लालगंज विधानसभा से प्राप्त फीडबैक के आधार पर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता है और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से आजमगढ़ में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। मेहनगर एवं लालगंज विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और जमीनी फीडबैक को गंभीरता से लिया जाएगा तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना में इसका उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही कांग्रेस को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को नई मजबूती देने का आधार बनेगा।

बैठक में रियाजुल हसन, प्रवीण सिंह – पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष , मनोज सिंह मो. आमिर, रविकांत त्रिपाठी यशवंत सिंह ‘नागा’, हरेंद्र सिंह , उमेश सरोज सहित विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के संबंध में अपने सुझाव एवं विचार रखे।

*ज़िला कांग्रेस कमेटी , आज़मगढ़*

Exit mobile version