आजमगढ़। संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण अभियान के तहत जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र के निर्देश पर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में 22 अगस्त 2026, शनिवार को ग्राम पंचायत करतालपुर, विकासखंड पल्हनी में ग्राम प्रधान की देखरेख में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं रास्तों की सफाई, सड़क की दोनों पटरियों पर उगी घास की कटाई, झाड़ू लगाने, कचरा हटाने और नालियों की सफाई का कार्य किया गया। इसके साथ ही आवश्यक स्थानों पर दवा का छिड़काव भी किया गया।
अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए संचारी रोगों से बचाव के लिए अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की गई। जहां-जहां साफ-सफाई से संबंधित ऑनलाइन शिकायतें प्राप्त हुई हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने कहा कि “स्वच्छता ही जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसे हम सभी को अपनाना चाहिए।” उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने तथा कूड़ा-कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।
इस अवसर पर सीपी यादव, गुलाब चौरसिया, सुनील यादव, अभय चौहान, रामबचन, कमलेश कुमार, जागृति प्रसाद, सुनील कुमार, राम बच्चन, मोहम्मद असलम, श्री कृष्णा यादव, बबीता, लीलावती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एक कदम साफ-सफाई की ओर—स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज का संदेश देते हुए अभियान को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया गया।
