Site icon Akclivenews18

स्थायी उपमंडी व वेंडिंग जोन की मांग को लेकर धरने में पहुंचे चंद्रशेखर यादव

डीडीयू नगर। फल एवं सब्जी व्यवसायी (विक्रेता) वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थायी फल-सब्जी उपमंडी एवं व्यवस्थित वेंडिंग जोन की मांग को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन में मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव पहुंचे। उन्होंने धरनारत व्यापारियों का समर्थन किया और उनकी मांगों को लेकर अपनी बात रखी।

व्यापारियों की प्रमुख मांगों में स्थायी फल-सब्जी उपमंडी की स्थापना, फुटकर विक्रेताओं के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन की व्यवस्था तथा फल-सब्जी लेकर आने वाले वाहनों को नो-एंट्री से राहत देना शामिल है। व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से इन मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

धरना स्थल पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर यादव ने कहा कि फल-सब्जी का कारोबार करने वाले छोटे व्यापारी और रेहड़ी-पटरी विक्रेता वर्षों से अपनी मांगों को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्थायी समाधान के बजाय केवल आश्वासन मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा सरकार को छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे कारोबार करने को मजबूर व्यापारियों को बार-बार हटाने के बजाय उनके लिए सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। स्थायी उपमंडी और वेंडिंग जोन की व्यवस्था होने से व्यापारियों के साथ-साथ आमजन को भी सुविधा मिलेगी।

चंद्रशेखर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों, गरीबों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों के हक की आवाज उठाती रही है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों की मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने और वर्षों से लंबित समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।

धरनारत व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष महेंद्र सोनकर सहित मोहन सोनकर, अशोक सोनकर तिलक, मंगल जायसवाल, राजकुमार सोनकर, संजय सोनकर, अनिल सोनकर गुड्डू, अजय सोनकर, सुभाष सोनकर, पारस सोनकर, बबलू सोनकर, अशोक सोनकर, बृजमोहन प्रसाद सोनकर, बिसुन प्रसाद सोनकर, अमरनाथ बाबा, बिरेंद्र सोनकर, असगर अली, त्रिलोकी सोनकर, कलीम, मंजु देवी, हिरावती, झल्लो देवी, कलावती, संजय, धनवती देवी, लालमनि देवी, मनोज जायसवाल, गिल्लु सरदार सहित सैकड़ों की संख्या में फल-सब्जी व्यवसायी मौजूद रहे।

संवाददाता : हयात हुसैन अंसारी

 

Exit mobile version