आजमगढ़, 24 सितंबर 2026।
99 यूपी बटालियन एनसीसी, आजमगढ़ के तत्वावधान में,डेण्टल कॉलेज, इटौरा,चंडेश्वर में, दिनांक 21 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-328) के चौथे दिन कैडेटों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में टीएसआई जयशंकर सिंह ने रोड सेफ्टी विषय पर व्याख्यान देते हुए कैडेटों को यातायात नियमों के पालन, सड़क पर सुरक्षित आवागमन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग तथा वाहन चलाते समय सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। एनसीसी कैडेट स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
शिविर के दूसरे दिन अपने ओपनिंग एड्रेस में कमान अधिकारी कर्नल दिनेश शर्मा ने कहा था कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कैडेटों को रेजिमेंटल लाइफ की गतिविधियों से परिचित कराने के साथ-साथ इंटर ग्रुप कम्पटीशन के लिए योग्य एवं दक्ष कैडेटों को तराशना भी है। उन्होंने कैडेटों से अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के साथ प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर कॉन्स्टेबल विनय कुमार राय, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, लेफ्टिनेंट चन्दन कुमार सहित एनसीसी अधिकारी एवं कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहयुक्त एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह ने किया।
शिविर में कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है।
डॉ0 पंकज सिंह
