Site icon Akclivenews18

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र में वृहद रोजगार मेले का आयोजन

32 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग कर 2,023 अभ्यर्थियों को किया शॉर्टलिस्ट

शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को चयन प्रमाण-पत्र एवं चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए

आजमगढ़, 25 सितम्बर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित की जा रही रोजगार मेलों की श्रृंखला के क्रम में आज फूलपुर-पवई विधानसभा क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज, अंबारी, आजमगढ़ में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, फूड एवं कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की कुल 32 कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

 

रोजगार मेले में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 4,423 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, कौशल एवं साक्षात्कार के आधार पर चयन प्रक्रिया संपन्न की गई, जिसमें 2,023 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को चयन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

 

रोजगार मेले में मुख्य अतिथि के रूप में रमाकांत मिश्र, संयोजक, गोरखपुर परिक्षेत्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में रानू प्रताप राजभर, उपाध्यक्ष, युवा मोर्चा, गोरखपुर क्षेत्र ने प्रतिभाग किया। अतिथियों द्वारा मेले में उपस्थित अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को उपलब्ध रोजगार के अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अपने कौशल को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार अवसरों के संबंध में अभ्यर्थियों को आवश्यक जानकारी दी गई तथा उनकी योग्यता एवं रुचि के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया संपन्न की गई।

इस अवसर पर सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गौड़, अंबारी क्षेत्र के राजेश कुमार यादव, जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह सहित सेवायोजन कार्यालय के अवधेश कुमार, शैलेश यादव, सुशील कुमार राय, सुधांशु सिंह, राज नारायण सिंह एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा रोजगार मेले के सफल आयोजन एवं अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रोजगार मेले का उद्देश्य जनपद के युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।

Exit mobile version