मुबारकपुर, आजमगढ़। अलीनगर बुनकर विपणन केंद्र, मुबारकपुर में बैठक आयोजित कर आगामी 29 सितंबर 2026 को कपूरा शाह बाग, मुबारकपुर में होने वाले पसमांदा अधिकार सम्मेलन को सफल बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में पसमांदा समाज और मुस्लिम दलित जातियों के संवैधानिक अधिकार एवं राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे पर चर्चा हुई।
इस मौके पर राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल के यूथ प्रदेश अध्यक्ष नूरूल हुदा ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी के लिए पसमांदा समाज व मुस्लिम दलित जातियों का जुटाव सम्मेलन में होने जा रहा है। उन्होंने विभिन्न राजनीतिक दलों में पसमांदा समाज की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को मिलने वाले मुस्लिम मतों में पसमांदा मुसलमानों की बड़ी हिस्सेदारी है, लेकिन राज्यसभा प्रतिनिधित्व में पसमांदा समाज की भागीदारी को लेकर सवाल बने हुए हैं।
नूरूल हुदा ने दावा किया कि सपा से अब तक 56 राज्यसभा सांसद बनाए गए, लेकिन इनमें एक भी पसमांदा मुस्लिम नहीं है। उन्होंने रामगोपाल यादव के लंबे समय से राज्यसभा सांसद बने रहने का उल्लेख करते हुए राजनीतिक प्रतिनिधित्व में समान भागीदारी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पसमांदा समाज अपने राजनीतिक अधिकार और प्रतिनिधित्व को लेकर सम्मेलन के माध्यम से आवाज बुलंद करेगा।
बैठक में हाशिम पसमांदा, नूर हसन आजाद, उस्मान हलालखोर, कासिम खलीफा, राजाउल रहमान, शाकिर अंजुम और शोहराब अब्बासी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
