आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को शिब्ली नेशनल कॉलेज, आजमगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बड़े जोशो-खरोश एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत से हुआ। इसके पश्चात प्रातः 9:00 बजे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
इसके उपरांत प्राचार्य प्रो. अफसर अली, डॉ. मोहम्मद खालिद, डॉ. सिद्धार्थ सिंह, डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. गीता एवं अन्य शिक्षकों द्वारा महात्मा गांधी के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं अफीफा समरीन, अफीफा जरीन, कोमल यादव एवं निकहत ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके संघर्ष, विचारों, आदर्शों तथा वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव एवं राष्ट्रप्रेम के संदेश को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया। कार्यक्रम में प्रो. मोहम्मद खालिद ने महात्मा गांधी के विचारों एवं उनके दर्शन पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डालते हुए कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करने में सक्षम हैं।
इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अफसर अली ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में गांधी जी के जीवन एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. आसिम खान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में चीफ प्रॉक्टर डॉ. एहतशामुल हक, महाविद्यालय के शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों एवं उनके बताए सत्य, अहिंसा और भाईचारे के मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ हुआ।
