
चन्दौली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को चन्दौली पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं, खिलाड़ियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं की प्रतिनिधियों और महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाएं सम्मानित
समारोह में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुमन देवी और अंजू देवी को सम्मानित किया गया। खेल के क्षेत्र में एथलेटिक्स की मनीषा राय, कुश्ती की संगीता, वंदना और संध्या, भारोत्तोलन की मानसी यादव एवं साहिब खान तथा कबड्डी की निकिता और स्मृति सोनकर को सम्मान मिला।
सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एनजीओ से जुड़ी सोनी और शहाना, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान चन्दौली की शहनाज तथा ग्राम्य संस्थान नौगढ़ की बिंदु सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं, मिशन शक्ति अभियान में सराहनीय योगदान देने वाली महिला मुख्य आरक्षी शशि किरन राय, थाना मुगलसराय, और महिला आरक्षी अनामिका, थाना बलुआ को भी सम्मान प्रदान किया गया।
महिला सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम
मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपद के विभिन्न थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी रोमियो स्क्वाड एवं पुलिस टीमों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम और चौपाल आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा से बचाव, सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, थानों में संचालित महिला हेल्प डेस्क को महिला सुरक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को परामर्श, मार्गदर्शन और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
इसके साथ ही महिला वालंटियर फोर्स (एमवीएफ) का विस्तार कर डॉक्टरों, अधिवक्ताओं, शिक्षिकाओं और समाजसेवी महिलाओं को जोड़ने की पहल की जा रही है, ताकि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय कुमार राय, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
चन्दौली पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, भयमुक्त एवं सशक्त वातावरण तैयार करना है। अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा को अधिकार, सम्मान और आत्मविश्वास से जोड़ते हुए महिलाओं को जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
AKCLIVENEWS18
