Site icon Akclivenews18

वृद्ध संत आसाराम बापू को बेहतर चिकित्सा सुविधा और आयुर्वेदिक उपचार मिले : साधकों ने उठाई आवाज

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा, कुंवर सिंह उद्यान से निकाली पदयात्रा

आजमगढ़। वृद्ध संत आसाराम बापू को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं एवं पूर्व की भांति आयुर्वेदिक उपचार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को साधकों ने आवाज बुलंद की। दुर्वासा ऋषि योग वेदांत सेवा समिति एवं श्री योग वेदांत सेवा समिति तथा गौरक्षा प्रांत उत्तर प्रदेश के संयुक्त बैनर तले स्वामी हरिहरानंद महाराज और राधा मोहन के नेतृत्व में साधकों ने कुंवर सिंह उद्यान में एकत्र होकर पदयात्रा निकाली। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित मांग-पत्र जिला प्रशासन को सौंपा गया।

इस दौरान साधकों ने आसाराम बापू के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए उनके लिए आवश्यक उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपते हुए स्वामी हरिहरानंद महाराज ने कहा कि आसाराम बापू की आयु लगभग 87 वर्ष है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य को देखते हुए चौबीस घंटे प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, कार्डियक मॉनिटरिंग तथा आपातकालीन चिकित्सा एवं पुनर्जीवन की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि उन्हें पूर्व की भांति आयुर्वेदिक उपचार की सुविधा भी प्रदान की जाए।

समिति के प्रमुख राधा मोहन ने कहा कि आसाराम बापू और उनके अनुयायियों को भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। उनका कहना था कि एक वृद्ध संत के स्वास्थ्य और सम्मान को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसी मांग को राष्ट्रपति तक पहुंचाने के उद्देश्य से साधकों ने पदयात्रा निकालकर ज्ञापन सौंपा।

उन्होंने कहा कि यह अभियान संत के स्वास्थ्य, समुचित उपचार और मानवीय चिकित्सा सुविधाओं की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। साधकों ने राष्ट्रपति से मामले में उचित हस्तक्षेप कर आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की अपील की।

इस अवसर पर रामअवध, विनोद, रामानंद यादव, लालगुप्ता, मोहन प्रसाद यादव, बृजभान, मोहन, राजू, महिला अध्यक्ष गीता, अमरावती, इमरती देवी, गायत्री, अंशु, प्रतिमा, रीता और रीतु सहित बड़ी संख्या में साधक मौजूद रहे।

Exit mobile version