आजमगढ़। बात नवरात्र हो या फिर रमजान, हर मौके पर व्यवस्था को लेकर दिखते हैं आस्थावान। होली, दीपावली से लेकर ईद और बारावफात के मौके पर क्षेत्र में सफाई से लेकर पेयजल और विद्युत समस्या को लेकर जूझना गुरुटोला-अनंतपुरा वार्ड के सभासद मुहम्मद अफजल इदरीसी की आदत बन गई है। दीपावली के बाद सामने सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ सामने आया तो घाट के रास्तों के लेकर तमसा की सफाई के लिए टीम के साथ पूरी ताकत झोंक दी है। नगर के प्रमुख गोदाम घाट पर सभासद मोहम्मद अफजल के नेतृत्व में पिछले एक सप्ताह से वृहद सफाई अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को जेसीबी मशीन की मदद से घाट को समतल करने के साथ ही, नाविकों के सहयोग से नदी के बीच पिलर के पास फंसा भारी कचरा निकालकर घाट को पूरी तरह से स्वच्छ और व्यवस्थित रूप देने का प्रयास किया गया। सफाई नायक यूसुफ शेख के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में जेसीबी चालक अनिल यादव, मैजिक वाहन चालक संजीव के साथ साथ सफाई कर्मचारियों में लड्डन शेख, शमीम अहमद, सलीम अहमद, अकबर अली, शिवा, शमशाद अहमद सोनू, गोविंदा और अन्य कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी से अपना योगदान दिया। सभासद मोहम्मद अफजल ने बताया कि व्रतियों और आस्थावानों की सुविधा के लिए घाट पर स्वच्छ पानी, चूने का छिडक़ाव और पर्याप्त रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभासद और उनकी टीम की इस मुस्तैदी का एकमात्र लक्ष्य यह है कि सूर्योपासना के इस महापर्व में उमडऩे वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और वे एक पवित्र, सुरक्षित व सुविधायुक्त वातावरण में अपनी पूजा-अर्चना संपन्न कर सकें।
गुरुटोला-अनंतपुरा वार्ड के सभासद मुहम्मद अफजल इदरीसी का अलग रंग
