चंदौली। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जनपद के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनपद में करीब 640 स्थानों पर छठ महापर्व का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाटों और पोखरों पर 225 गोताखोरों तथा 40 नावों की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों से भी समन्वय स्थापित किया गया है।
प्रमुख छठ घाटों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षित घेराबंदी की व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले घाटों पर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी, जबकि बड़े घाटों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम और पुलिस गश्त को भी सक्रिय किया गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार घाटों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, गहरे पानी में जाने से बचें और प्रशासन का सहयोग करते हुए छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं।
रिपोर्ट: AKCLIVENEWS18
