Site icon Akclivenews18

आजमगढ़ में कीटनाशक उपचारित बीज खाने से एक परिवार के 7 सदस्य बीमार, सभी की हालत सामान्य

कीटनाशक उपचारित बीज के सेवन से एक परिवार के सात सदस्य हुए प्रभावित, सीएमओ के निर्देश पर तत्काल पहुंची स्वास्थ्य टीम; सभी की स्थिति सामान्य

आजमगढ़। विकासखंड मोहम्मदपुर के ग्राम गोठाव में एक ही परिवार के सात सदस्यों द्वारा अनजाने में कीटनाशक उपचारित बीज का सेवन किए जाने का प्रकरण संज्ञान में आया है। सूचना प्राप्त होते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने तत्काल प्रभारी चिकित्साधिकारी, मोहम्मदपुर डॉ. रोहित मिश्रा को स्वास्थ्य टीम सहित मौके पर पहुंचकर प्रभावितों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने, आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने तथा प्रकरण की अद्यतन स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार के घर में घरेलू उपयोग के अनाज एवं बुवाई के लिए रखे गए रागी (मिश्रित मिलेट) के बीज की अलग-अलग बोरियां रखी थीं। भ्रमवश परिवार के सदस्यों द्वारा कीटनाशक उपचारित बीज का सेवन कर लिया गया, जिसके बाद शनिवार तड़के लगभग 03 से 04 बजे के बीच उल्टी एवं चक्कर आने की शिकायत हुई। परिजनों द्वारा प्रारंभिक स्तर पर स्थानीय निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर तत्काल प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रोहित मिश्रा स्वास्थ्य टीम के साथ तत्काल ग्राम गोठाव पहुंचे। टीम द्वारा सभी सात प्रभावित व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्थिति का आकलन करते हुए अविलंब आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं इलाज एवं निगरानी शुरू कर दी गई ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कैंप कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में बताया कि अब सभी सात प्रभावित व्यक्तियों की स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। किसी प्रकार की गंभीर चिकित्सकीय जटिलता की सूचना नहीं है। टीम को परिवार के सभी सदस्यों की सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए गए हैं।

सीएमओ ने आमजन से अपील की है कि कीटनाशक उपचारित बीज एवं खाद्यान्न को अलग-अलग सुरक्षित स्थानों पर रखें तथा उनके भंडारण में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका होने पर बिना समय गंवाए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल पहुंचें।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा सूचना प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई कर मौके पर चिकित्सकीय सहायता एवं निगरानी सुनिश्चित की गई, जिससे स्थिति को समय रहते नियंत्रित करने में मदद मिली। वर्तमान में सभी सातों प्रभावित अब पूर्णरूपेण सुरक्षित हैं।

Exit mobile version