Site icon Akclivenews18

आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र मोहम्मद हमदान का AMU में सचिव चुने जाने पर हुआ सम्मान समारोह आयोजित।

कोटिला चेक पोस्ट, रानी की सराय स्थित, आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में विद्यालय के पूर्व छात्र श्री मोहम्मद हमदान, सचिव, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के सम्मान में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मोहम्मद हमदान ने कक्षा 6 से 12वीं तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने JEE Main में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया। वर्तमान में वे AMU में मानद सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री मोहम्मद नोमान, प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पांड्या, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती रूना खान एवं डॉ. शफीउज्जमां साहब उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर मोहम्मद हमदान का सम्मान किया गया।

अपने संबोधन में प्रबंधक श्री मोहम्मद नोमान ने कहा कि मोहम्मद हमदान की सफलता विद्यालय के लिए खुशी की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी।

डॉ. शफीउज्जमां साहब ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ अनुशासन, अच्छे संस्कार और निरंतर प्रयास जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने मोहम्मद हमदान की उपलब्धि की सराहना की और विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।

इस अवसर पर मोहम्मद हमदान ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पांड्या ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों के साथ विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Exit mobile version