Site icon Akclivenews18

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने 23 सूत्री मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

समूह सखियों, सहारा इंडिया के जमाकर्ताओं और अवैध कब्जे के मामलों को लेकर उठाई आवाज, कार्रवाई न होने पर सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

आजमगढ़। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश अध्यक्ष शिवमोहन शिल्पकार के नेतृत्व में बुधवार को पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी आजमगढ़ को 23 सूत्री मांग पत्र सौंपा। यह ज्ञापन डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सौंपा गया।

ज्ञापन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समूह सखियों के हितों से जुड़ी 12 सूत्री मांगों, सहारा इंडिया में जमा धनराशि की वापसी को लेकर अंशधारकों की पांच सूत्री मांगों के साथ ही आजमगढ़ विकास प्राधिकरण और गोल्डन फॉर्च्यूनर होटल के कथित अवैध निर्माण एवं अन्य जनसमस्याओं को शामिल किया गया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शिवमोहन शिल्पकार ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार से मांग की कि समूह सखियों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा सहारा इंडिया में जमा अंशधारकों की धनराशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने आजमगढ़ विकास प्राधिकरण एवं सरकारी बेशकीमती जमीनों पर कथित अवैध कब्जे और गोल्डन फॉर्च्यूनर होटल के अवैध निर्माण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा सगड़ी तहसील निवासी रामसरन राम की गाटा संख्या 795 की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और जालसाजी के मामले में संबंधित भू-माफियाओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

शिवमोहन शिल्पकार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं की गई तो राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष बालचंद जैसवारा, लोकसभा लालगंज प्रभारी उमेश सोनकर, रामसरन राम, श्रीकिशन राम, रामलगन चौहान, पंकज विश्वकर्मा, कमलेश पासवान, चंद्रमी गौतम, ज्ञानमती राय, पुष्पा गौतम, संगीता गौतम, सीमा भारती, सुनीता गौतम, अनीता देवी, सरिता कुमारी, रजना भारती सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी के अनुसार, आजमगढ़ के सभी 22 ब्लॉकों से लगभग 200 से अधिक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Exit mobile version