Site icon Akclivenews18

चिरैयाकोट के शिव चिकित्सालय जच्चा-बच्चा केंद्र में प्रसव के बाद 25 वर्षीय ममता की मौत, चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप

आजमगढ़। चिरैयाकोट के वली नगर वार्ड नंबर-4 स्थित शिव चिकित्सालय जच्चा-बच्चा केंद्र में प्रसव के बाद 25 वर्षीय महिला ममता की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद महिला को ब्लीडिंग (रक्तस्राव) नहीं रुक रही थी, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई और अंततः उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मृतका ममता पत्नी विकास पासवान, निवासी रसूलपुर चिरैयाकोट, की पहले से पांच साल की एक बेटी थी। प्रसव के दौरान नवजात बच्चे की जान बच गई, लेकिन मां की मौत से परिवार में मातम छा गया।
बताया जा रहा है कि परिवार की आजीविका चलाने के लिए पति विकास पासवान गुजरात में रहकर मजदूरी करता है। ममता की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, एक मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया।
परिजनों की ओर से महिला की मौत को चिकित्सकीय लापरवाही का परिणाम बताया जा रहा है। शिव चिकित्सालय जच्चा-बच्चा केंद्र, वली नगर चिरैयाकोट में प्रसव के बाद रक्तस्राव नहीं रुकने की स्थिति में उपचार और समय पर बेहतर चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष और जांच के बाद ही लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version