डॉ. उमाशंकर पांडेय ने बताया कि नवजात शिशुओं को ठंड से बचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि उनके शरीर का तापमान तेजी से कम हो सकता है। ऐसे में हाइपोथर्मिया से बचाव के लिए अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। बच्चों को गर्म कपड़ों और कंबल में सुरक्षित तरीके से लपेटकर रखना चाहिए तथा ठंडी हवा से बचाव के लिए खिड़की-दरवाजे बंद रखने और पर्दे लगाने जैसे उपाय अपनाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि कम वजन और प्रीमैच्योर बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा अधिक रहता है, इसलिए उनकी देखभाल में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। नवजात को अनावश्यक रूप से बाहर ठंड में ले जाने से बचना चाहिए।
डॉ. पांडेय ने प्रसव के दौरान भी तापमान नियंत्रण पर जोर देते हुए बताया कि डिलीवरी रूम का तापमान उचित बनाए रखना जरूरी है। जन्म के तुरंत बाद नवजात को सूखे और गर्म कपड़े या कंबल में लपेटकर गर्म वातावरण में रखना चाहिए। जरूरत पड़ने पर वार्मर का इस्तेमाल कर बच्चे के शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने की व्यवस्था करनी चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से माताओं, अभिभावकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को नवजात शिशु की सुरक्षा, तापमान नियंत्रण और विशेष देखभाल के प्रति जागरूक किया गया, ताकि नवजात मृत्यु दर में कमी लाने और स्वस्थ शिशु जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
