आजमगढ़: मंडलीय जिला अस्पताल में सोमवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर विश्व कैंसर दिवस मनाया गया। इसमें जिला अस्पताल के कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एलजे यादव, एसीएमओ अजीज अंसारी सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ओपीडी में आए लोगों को कैंसर के बारे में जागरूक किया।
कहा कि इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को कैंसर के बारे में जागरूक करना है। और उनके अंदर कैंसर को लेकर बने डर को कम कर उन्हें कैंसर की रोकथाम की जानकारी देना है। लोगों में कैंसर को लेकर काफी डर है, इसलिए वे समय पर डॉक्टर के पास नहीं जाते। जिससे यह रोग शुरूआत में पकड़ में नहीं आता। जब मामला गंभीर हो जाता है तो उपचार जटिल होता है। एसीएमओ ने
बताया कि कैंसर पूरी तरह लाइलाज नहीं है। यदि, सही समय पर इलाज किया जाए तो मरीज सौ फीसदी ठीक हो सकता है। इसलिए कैंसर से संबंधित कोई भी लक्षण नजर आने पर घबराने की बजाय फौरन डॉक्टर को दिखाएं। अलग-अलग कैंसर के लिए अलग-अलग नियम बनाए गए हैं। कैंसर की रोकथाम के लिए सबसे जरूरी है कि इसका सही समय पर पकड़ में आना। ताकि, समय पर इसका इलाज शुरू हो सके। इस दौरान 20 मरीजों की स्क्रीनिंग भी विभाग द्वारा की गई और लोगों को बचाव के उपाय भी बताए गए।
जिला अस्पताल में विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम

