Site icon Akclivenews18

लोकतंत्र की व्यवस्था को खराब कर रही भाजपा, मिर्जापुर में बोले सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम

भाजपा सरकार किसान विरोधी पार्टी है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने और स्वामीनाथन आयोग के रिपोर्ट लागू करने का वादा किया था, लेकिन सरकार बनने के बाद भूल गई। यही नहीं, लोकतांत्रिक व्यवस्था को भी भाजपा खराब कर रही है। ये बातें मिर्जापुर लोकसभा का प्रभारी बनने के बाद दौरे पर आए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने रविवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता में कहीं

सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान दलहन, तिलहन, धान, गन्ना आदि फसलों को औने-पौन दाम पर बेच रहे हैं। किसान न बच्चों को पढ़ा पा रहे हैं, न इलाज करा पा रहे। कहा कि बूथ स्तर तक के संगठन को मजबूत कर 2024 में पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी।

सपा पूरे प्रदेश में गठबंधन के साथ 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। प्रदेश अध्यक्ष होने के बावजूद सिर्फ मिर्जापुर लोकसभा का प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर कहा कि मां विंध्यवासिनी की कृपा से पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी का निर्वहन करूंगा।

उन्होंने कहा कि पीडीए में पिछड़ा का मतलब, जो आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़ा है। कहा कि भाजपा लोकतंत्र की व्यवस्था को खराब कर रही है। पक्ष और विपक्ष दोनों का होना जरुरी है। विपक्ष आईना दिखाता है, लेकिन सत्ता पक्ष उसे अनसुना कर रहा है। केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार हठधर्मिता पर उतर आई है। 10 वर्ष में न किसानों की आय दोगुनी हुई न युवाओं को रोजगार मिला। भाजपा ने 10 वर्ष पहले प्रति वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था। चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी इस पर फैसला करेगी। अभी जो जिम्मेदार मिली है, उसका निर्वहन करूंगा। पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना प्रमुख लक्ष्य है। जिले में प्रत्याशी के सवाल पर कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ पार्टी प्रत्याशी भी घोषित कर देगी। इसके पहले जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, कैलाश चौरसिया, जगतंबा पटेल, आशीष यादव, आकाश यादव, सतीश मिश्रा आदि रहे।

Exit mobile version