Site icon Akclivenews18

हाथी से एक-एक कर उतर रहे मायावती के सिपहसालार, रितेश पांडे के बाद अब इस सांसद का नंबर

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष यादव 

लखनऊ।लोकसभा चुनाव सर पर है। चुनावी मैदान में ताल ठोंकने के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां कमर कसकर तैयार हैं।चुनावी बिगुल बजने वाला है।लोकसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी को पूर्वांचल में तगड़ा झटका लग सकता है।जौनपुर से बसपा सांसद श्याम सिंह यादव कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।श्याम आज आगरा में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए।

श्याम सिंह यादव संसद के बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी से मिले थे। श्याम संसद भवन से राहुल के साथ उनकी गाड़ी में बैठकर 10 जनपथ स्थित उनके आवास गए थे।इससे पहले श्याम की भाजपा में भी शामिल होने का कयास लगाए जा रहे थे, जब उन्होंने केंद्रीय बजट और यूपी सरकार के बजट की तारीफ की थी।

श्याम सिंह यादव की बसपा से बगावत का कयास 2022 से ही लगाया जा रहा हैं, जब श्याम कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल हुए थे।तब श्याम ने कहा था कि राहुल यह यात्रा देश में सद्भावना को बढ़ावा देने के लिए निकाल रहे हैं और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। राहुल गांधी ने भी अपनी यात्रा में शामिल होने के लिए बसपा सांसद का आभार जताया था और श्याम को एक पत्र भी लिखा था, जिसमें कहा था कि संसद के सदस्य के रूप में, आप भारत के लोकतांत्रिक ढांचे की रीढ़ हैं और हमारे लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करते हैं।

बता दें कि अंबेडकर नगर से बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा सांसद रितेश पांडे ने भी भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।दिल्ली भाजपा दफ्तर में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के यूपी प्रभारी बैजयंत पांडा, यूपी भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने रितेश पांडे का पार्टी में स्वागत किया। बसपा के कुछ और सांसदों के पार्टी छोड़ने की अटकलें हैं। बसपा के कई सांसद नए विकल्प तलाश रहे हैं।बसपा के दो सांसद पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं।अमरोहा के सांसद कुंवर दानिश अली को बसपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निकाल दिया था।अब दानिश कांग्रेस के साथ जा चुके हैं। गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी को सपा ने 2024 के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बिजनौर से सांसद मलूक नागर के आरएलडी में शामिल होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं।लालगंज लोकसभा सीट से सांसद संगीता आजाद के भाजपा में शामिल होने का कयास पिछले कई दिनों से लग रहा है।

Exit mobile version