फूलपुर। मऊ- आजमगढ़- शाहगंज के रास्ते मुंबई के लिए रेलवे बोर्ड ने दो दिन के लिए ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन मुंबई (सीएसटी) से 10 अप्रैल और एक मई से चलेगी। इसी तरह मुंबई जाने के लिए मऊ से 12 अप्रैल और तीन मई को चलेगी।ट्रेन संख्या 01079 मुंबई (सीएसटी) से 10 अप्रैल और एक मई को रात 10:35 पर चलेगी, जो तीसरे दिन शाहगंज में सुबह 9:20 बजे, आजमगढ़ में 10:25 बजे और मऊ में 11:10 बजे पहुंचेगी। इसी तरह मुंबई जाने के लिए ट्रेन संख्या 01080 मऊ से 12 अप्रैल और तीन मई को दोपहर 1:10 बजे से चलेगी। आजमगढ़ 1:50 बजे, शाहगंज 2:50 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन तीसरे दिन रात में 12:40 बजे मुंबई (सीएसटी) पहुंचेगी। इस ट्रेन में 18 कोच स्लीपर, दो कोच एसी थर्ड, गार्ड बोगी के साथ एक -एक कोच महिला और दिव्यांग के रहेंगे। इस ट्रेन का ठहराव मोहम्मदाबाद और खुरासन रोड स्टेशन पर न रहने से यात्री मायूस है। इसके चलते यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए आजमगढ़ या फिर शाहगंज जाना पड़ेगा। पूर्व रेल सलाहकार समिति के सदस्य शाह आलम कुरैशी ने बताया कि भोपाल जाने वाले यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी। चूंकि यह ट्रेन इलाहाबाद, गोविंदपुरी, भोपाल, मनमाड होते हुए मुंबई (सीएसटी) पहुंचेगी। आजमगढ़ स्टेशन अधीक्षक डीवी सिंह ने बताया कि ट्रेन चलने की सूचना मिली है यह ट्रेन आजमगढ़ होकर चलेगी।