Site icon Akclivenews18

PET EXAM 2023 यूपी के 35 जिलों के 1058 केंद्रों में होगी परीक्षा

प्रदेश में समूह ग की भर्तियों के लिए प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन 28-29 अक्तूबर को किया जा रहा है। परीक्षा 35 जिलों में 1058 केंद्रों पर दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। दो दिन में परीक्षा में 20 लाख 7553 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पीईटी में पहली बार अभ्यर्थियों की फेस रिक्गनिशन (बायोमैट्रिक) अटेंडेंस होगी। इससे गड़बड़ी रोकी जा सकेगी।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अनुसार 35 जिलों में 1058 केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा के सकुशल आयोजन के लिए 35 अपर जिलाधिकारी, 364 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 1249 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 1058 सहायक केंद्र अधीक्षक, 2116 परीक्षा सहायक, 41,284 कक्ष निरीक्षक, 5483 अतिरिक्त कक्ष निरीक्षक समेत कुल 80,274 कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन भी सक्रिय रहेगा और परीक्षा की निगरानी करेगा।

आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा में पहली बार बायोमैट्रिक आधारित फेस रिक्गनिशन अटेंडेंस होगी। इससे किसी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने वाले दूसरे व्यक्ति को पकड़ा जा सकेगा। सभी केंद्रों की 24 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। इसके लिए आयोग के मुख्यालय में केंद्रीय मॉनीटरिंग सेल बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की काफी संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कर रहा है।

रेलवे प्रशासन से भी अतिरिक्त ट्रेन चलाने को पत्र लिखा गया है। अभ्यर्थियों को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए वह थोड़ा पहले ही परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हों। उन्होंने कहा कि लखनऊ में रविवार को भारत-इंग्लैंड के मैच को देखते हुए अभ्यर्थियों को थोड़ा पहले निकलने की सलाह दी जाती है। वहीं जिन पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश के मद्देनजर डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन हो रहा था। वहां केंद्र बनाए जाने के बाद इनके डाक्यूमेंट वेरीफिकेशन के लिए जिले में अन्य केंद्र प्राविधिक शिक्षा विभाग ने बनाए हैं।

बनारस में सर्वाधिक अभ्यर्थी
पीईटी में बनारस में एक पाली में सर्वाधिक 34248 अभ्यर्थी 68 केंद्र पर परीक्षा देंगे। वहीं कानपुर नगर में 68 केंद्र पर 33720 अभ्यर्थी, आगरा में 61 केंद्र पर 28776, मेरठ में 56 केंद्र पर 27864, गोरखपुर में 57 केंद्र पर 27672, प्रयागराज में 54 केंद्र पर 25296, लखनऊ में 49 केंद्र पर 24744, मुरादाबार में 47 केंद्र पर 22224 अभ्यर्थी एक पाली में परीक्षा में शामिल होंगे।

Exit mobile version