Site icon Akclivenews18

सेट किए जाने के आरोपों पर राजीव राय का पलटवार

संवाददाता देवेंद्र कुशवाहा 

-ओम प्रकाश राजभर की हैसियत नहीं कि वह उन्हें खरीद सकें: राजीव राय
-राजभर को मनोरंजन मंत्री, चार दिन के मंत्री सहित कई अन्य विशेषणों से नवाजा
-मोहम्मदाबाद गोहना में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन

मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय ने रविवार को मोहम्मदाबाद गोहना में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने एनडीए गठबंधन की ओर से प्रत्याशी अरविंद राजभर के पिता ओम प्रकाश राजभर पर कभी इस दल में तो कभी उस दल में जाने का आरोप लगाया।
इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर की ओर से उन्हें सेट किए जाने के आरोपों का जवाब देते हुए उन्हें (ओम प्रकाश राजभर) कई विशेषणों से नवाजा। उन्हें मनोरंजन मंत्री, चार दिन के मंत्री, पैरों पर गिरकर मंत्री बनने वाले, चरण वंदना करके मंत्री बनने वाले, थूक कर चाटने वाले मंत्री का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी (राजभर की) हैसियत नहीं है कि वह उन्हें (राजीव राय) खरीद सकें। उन्होंने कहा कि उनके जैसे कितने मंत्रियों को उन्होंने (राजीव राय) बनाया और बिगाड़ा है।
उन्होंने कहा कि पांच तारीख को वह (राजभर) पैदल हो जाएंगे लेकिन फिर भी वह बदला लेते रहेंगे। जहां से भी ओम प्रकाश राजभर अपने बेटे को अगला चुनाव लड़ाएंगे वहां घोसी के लोग जाकर वहां के लोगों के बीच उनकी (राजभर) असलियत खोलेंगे। वह उस क्षेत्र के लोगों को बताएंगे कि राजभर जी ने उनके लिए असंसदीय शब्दों का प्रयोग किया है। उन्होंने प्रधानों, जिलाध्यक्ष और न्याय पंचायत अध्यक्ष को बेइज्जत किया है।
उन्होंने पत्रकार साथियों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इस तरह की ऊल-जलूल की बातें मनोरंजन के लिए ही अच्छी लगती हैं। घोसी के लोगों को 20 साल से इस बात का इंतजार है कि उनके मुद्दों की बात कब होगी? कल्पनाथ राय जी के बाद घोसी का जो विकास रुक गया है, उसकी बात कौन करेगा? उन्होंने पत्रकारों द्वारा इस संबंध में प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर से प्रश्न किये जाने का जिक्र करते हुए बताया कि जब पत्रकारों ने उनसे पूछ लिया कि राजीव राय कह रहे हैं कि विकास की बात कब होगी? इस पर उनके उत्तर की हंसी उड़ाते हुए बताया कि उन्होंने (राजभर) कहा विकास को खोजकर लाओ तब हम बात कर लेंगे। उन्होंने कहा कि विकास को लेकर जिस व्यक्ति का दृष्टिकोण ऐसा होगा, उससे बात करने का क्या फायदा?
उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि जो मंत्री रहते हुए अपने गांव का खड़ंजा नहीं बनवा पाया, वह पीजीआई बनवाने की बात कह रहा है, हिन्दी माडल स्कूल बनवाने की बात कह रहा हो, सड़कें चकाचक करने की बात कह रहा हो। उन्होंने कहा कि यहां आकर वह (ओम प्रकाश राजभर) कह रहे हैं कि यहां का विकास नहीं हुआ है, इसके लिए समाजवादी पार्टी जिम्मेदार है। गांव की सड़कें टूटी हुई हैं समाजवादी पार्टी इसके लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि जिसे यह नहीं मालूम कि सात साल से प्रदेश में और 10 साल से केंद्र में उनकी ही सरकार है। इन्हें इतना ज्ञान भी नहीं है। उन्हें पूछना कुछ और रहता है और वह पूछने कुछ और लगते हैं। राजीव राय ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि बाबूजी (ओम प्रकाश राजभर) कहते हैं कि तुम मेरे बेटे को सांसद बना दो मैं दिल्ली में मंत्री बनवा दूंगा और बहुत माल लेकर आऊंगा।
संबोधन के दौरान राजीव राय ने बताया कि उन्होंने (राजभर) कहा कि मुझसे दिल्ली वालों ने पूछा कि कौन सा मंत्रालय लोगे तो मैंने कहा कि वही जो मुख्यमंत्री जी के पास है। उसमें माल बहुत ज्यादा है। उन्होंने कहा कि वह (राजभर) हर जगह से माल लेकर आने की ही सोचते रहते हैं। उन्होंने पत्रकारों के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग करते हुए कहा कि कल आपको लूटा जा सकता है। प्रदेश को लूटा जा सकता है। यह व्यक्ति हमेशा लूटने की बात करता है। यह आपके मंत्रिमंडल में रहने के काबिल नहीं है। सम्मेलन में मोहम्मदाबाद के विधायक राजेंद्र कुमार, घोसी के विधायक सुधाकर सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ पासवान, पूर्व में एमएलसी राम जतन राजभर, सपा के लोकसभा क्षेत्र प्रभारी मनीष सिंह, सपा के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, अल्ताफ अंसारी, धर्म प्रकाश यादव, साधू यादव, शिव प्रताप यादव उर्फ मुन्ना, सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र राजभर, सपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अमान अहमद, सुनीता यादव, हजारी सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Exit mobile version