अमिलो। विद्युत उपकेंद्र मुबारकपुर के अंतर्गत आने वाले 52 गांवों की बिजली बृहस्पतिवार को गुल रही। इस दौरान लोग एक बूंद पानी केे लिए तरस गए। आज दोपहर बाद आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
उपकेंद्र मुबारकपुर में बिजली आपूर्ति के लिए पांच एमबीए का ट्रांसफाॅर्मर लगा हुआ था। बडा़ क्षेत्र होने के कारण उपकेंद्र का ट्रांसफाॅर्मर बार-बार ट्रिप कर जा रहा था। यहां के ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसकी मंजूरी मिलने के बाद बृहस्पतिवार को उपकेंद्र मुबारकपुर में 10 एमबीए का ट्रांसफाॅर्मर पहुंच गया।
विभाग की तरफ से ट्रांसफाॅर्मर बदलने का काम भी शुरू कर दिया गया। जबकि आपूर्ति रोकने से एक दिन पूर्व उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी दिया जाना जरूरी है ताकि लोग पानी आदि की व्यवस्था कर लें। ट्रांसफाॅर्मर बदलने का काम शुरू होते ही सठियांव, नासिरुद्दीनपुर, रानीपुर महुआ, आवाव, सुराई, देवरिया सहित 52 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। आपूर्ति बंद होने से लोग बूंद- बूंद पानी क लिए तरस गए।
क्षेत्र के कुकड़ीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र राजभर, सठियांव निवासी राहुल मोदनवाल, असाउर निवासी खुर्शीद अहमद और सुराई निवासी वीरेंद्र यादव ने बताया कि बेहतर आपूर्ति के लिए क्षमता वृद्धि का काम होना तो ठीक है लेकिन कम से कम एक दिन पूर्व उपभोक्ताओं को विभाग को सूचना देनी चाहिए थी। भीषण गर्मी में अचानक बिजली बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। अभी शुक्रवार को दोपहर बाद बिजली बहाल करने की बात कही जा रही है। कटौती से ज्यादा परेशानी पानी की हो रही हो रही है क्योंकि सबमर्सिबल बंद हो गए हैं।
उपभोक्ताओं की समस्या को देखते हुए उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि के तहत 10 एमबीए का ट्रांसफाॅर्मर लगाया जा रहा है। दो दिनों तक बिजली बाधित रहेगी। इससे उपभोक्ताओं को गर्मी में थोड़ी समस्या तो होगी लेकिन क्षमता वृद्धि होने से उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल जाएगा और क्षेत्र में लोगों को निर्बाध बिजली मिलती रहेगी। – गुंजन कुमार यादव, अवर अभियंता।
विद्युत उपकेंद्र पर लगा 10 एमवीए का ट्रांसफाॅर्मर, मिलेगी ट्रिपिंग से मुक्ति
सरायमीर। विद्युत उपकेंद्र सरायमीर के बिजनेस प्लान में स्वीकृत पांच एमवीए से 10 एमवीए की क्षमता वृद्धि का कार्य बुधवार को पूरा कर लिया गया। बृहस्पतिवार को ट्रांसफाॅर्मर से विद्युत आपूर्ति चालू हो गई। दो दिन तक आपूर्ति बाधित रहने के बाद आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
अधिशासी अभियंता फूलपुर अजय मौर्य ने विद्युत उपकेंद्र सरायमीर का निरीक्षण कर बताया कि बृहस्पतिवार को कार्य पूर्ण हो गया। अभी तक सरायमीर में दो ट्रांसफाॅर्मर 10 एमवीए एवं पांच एमवीए से विद्युत आपूर्ति होती थी, जिसके चलते लाइन बार-बार ट्रिप करती थी। अब दोनों ट्रांसफाॅर्मर 10 एमवीए के लगने से लाइन बार-बार ट्रिप नहीं करेगी और लो- वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी।
बताया कि अब दो, तीन वर्ष तक ओवरलोडिंग की कोई दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी कनेक्शन करवा लें, अन्यथा विद्युत चोरी में पकड़े जाने पर एफआईआर दर्ज किया जाएगा। इस अवसर पर उप खंड अधिकारी गिरीश कुमार सिंह, अवर अभियंता सरायमीर सुनील तिवारी, अवर अभियंता मनीष कुमार आदि उपस्थित थे।

