
खिलवा गांव निवासी मुंशी बिंद (45) और पत्नी देवंती (40) घर के बाहर झोपड़ी में अलग-अलग चारपाई पर सो रहे थे। जबकि बड़ा पुत्र रामशीष (20) घर में सो रहा था। वहीं छोटा पुत्र आशीष गांव में आए आर्केस्ट्रा को देखने चला गया था। जब आशीष रात एक बजे घर आया तो देखा कि बाहर सो रहे माता पिता लहूलुहान मृत पड़े हैं।
घर लौटा तो मम्मी- पापा और भाई की लाश पड़ी थी
शोर मचाते हुए घर में सो रहे बड़े भाई को जगाने गया तो उसे भी मृत देख चीख पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस को आशीष ने बताया कि गांव में एक तिलक का कार्यक्रम था। जहां रात में आर्केस्ट्रा देखने के लिए वो गया था। लेकिन, पिता मुंशी उसे बुला लाए। इसके बावजूद रात में पिता जब सो गए तो फिर चुपके से आर्केस्ट्रा देखने चला गया। रात एक बजे लौटा तो उसके पापा-मम्मी और बड़े भाई की लाश पड़ी थी।
शादी के लिए नहीं तैयार हुए थे परिवार के लोग
गांव में चर्चा है कि आशीष गांव की ही एक लड़की से प्यार कर रहा था। लड़की के परिजन उसके परिवार पर शादी का दबाव बना रहे थे। लेकिन, उसके परिजन शादी के लिए तैयार नहीं थे। आशीष की उम्र 15 साल है।
आशीष के साथ आर्केस्ट्रा देखने दोस्त भी गया था
आशीष के साथ पड़ोस में रहने वाला अभिषेक भी आर्केस्ट्रा देखने के लिए गया था। उसने बताया कि जब हम लोग रात एक बजे वापस आए तो आशीष के चीखने की आवाज सुनी। दौड़कर उसके घर गए तो वहां उसके माता-पिता और बड़े भाई की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।
बिखर गया परिवार
मृतक मुंशी मुंबई में काम करता था, जो दस दिन पहले घर आया था। पूरा परिवार हंसी- खुशी रह रहा था, लेकिन किसी को नहीं पता था कि एक झटके में पूरा परिवार बिखर जाएगा। गांव के लोग हत्यारों को कोसते नजर आए।

