Site icon Akclivenews18

चारों भाइयों के गले लगते ही श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा वातावरण 

संवाददाता देवेंद्र कुशवाहा 

कोपागंज के ऐतिहासिक भरत मिलाप सम्पन्न , सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम कोपागंज (मऊ): कस्बे के ऐतिहासिक राम-भरत मिलाप का कार्यक्रम मंगलवार को सकुशल सम्पन्न हो गया। रात भर चलने वाले रामलीला मंचन में चारों भाईयों के मिलन देख मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं की आंखें भर आईं।‌ श्रद्धालु मिलन का दृश्य को एकटक निहारते रह गए।
भावपूर्ण इस दृश्य देखने के बाद श्रद्धालु श्रीराम, भरत, लक्ष्मण व शत्रुघ्न के जयकारे लगाने लगे जिसके कारण समूचा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु फूलों की वर्षा कर भगवान राम के अयोध्या आगमन पर खुशी व्यक्त कर रहे थे। अयोध्या से आये रामलीला कलाकारों के मंचन के दौरान 14 वर्ष प्रभु श्रीराम के वनवास की अवधि पूरी होने पर भरत जी भाव विह्वल होकर उनकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसी दौरान हनुमान जी आते हैं और भरत जी को बताते हैं कि प्रभु श्रीराम ,माता जानकी व लक्ष्मण के साथ लंका विजय के बाद पुष्पक विमान से अयोध्या आ रहे हैं। यह सुनकर भरत जी अपनी सुध बुध खो बैठते हैं। तभी प्रभु श्रीराम पुष्पक विमान से आते हैं। प्रभु श्रीराम को देखकर भरत नंगे पांव दौड़ कर उनके पैरों में गिर जाते हैं। मिलन का यह दृश्य देख उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो जाते हैं और पुष्प वर्षा करने लगते हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं सहित रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने भगवान श्री राम सहित सभी भाईयों व माता जानकी की आरती उतारी। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए थानाध्यक्ष नवल किशोर सिंह, कस्बा इंचार्ज सतीष कुमार यादव पुलिस जवानों के साथ कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहे।

Exit mobile version