बिलरियागंज विकास खंड के खानपुर भगतपट्टी स्थित मुरलीधर प्राथमिक विद्यालय और मुरलीधर जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक पर फर्जी अभिलेखों के आधार पर मान्यता प्राप्त करने और फर्जी दस्तावेज के आधार पर सांसद व विधायक निधि से धनराशि लेकर उसका दुरुपयोग करने का आरोप लगा था। इस आरोप की जांच के लिए सीडीओ द्वारा जांच टीम गठित की गई है जो आरोपों की जांच करेगी। खानपुर भगतपट्टी गांव निवासी सत्यदेव सिंह ने 27 सितंबर 2022 को प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा।जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सगड़ी तहसील में मुरलीधर प्राथमिक विद्यालय खानपुर भगतपट्टी की मान्यता 2004-05 में ली गई है, लेकिन विद्यालय के पास भूमि नहीं है। प्रबंधक द्वारा गाटा संख्या 1044 की फर्जी खतौनी लगाकर विद्यालय की मान्यता ली गई है। प्रबंधक द्वारा वर्ष 2009 में रामनौमी सिंह से गाटा संख्या 1044 रकबा 1.842 हेक्टेयर में से 420 कड़ी जमीन बैनामा कराई गई। जिसमें विद्यालय भवन बना है, लेकिन जमीन कृषि कार्य के लिए क्रय की गई है।
इतना ही नहीं उनके द्वारा विद्यालय के नाम पर सांसद और विधायक निधि से साढ़े 18 लाख रुपये लेकर उसका दुरुपयोग किया गया है। इस शिकायत पर सीडीओ परीक्षित खटाना द्वारा एसडीएम सगड़ी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, बीएसए और मनोज मिश्रा सहायक अभियंता डीआरडीए की टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जिसके क्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए रिचा सिंह ने एसडीएम सगड़ी को पत्र जारी कर बृहस्पतिवार को एक बजे लेखपाल और कानूनगो के साथ मौके पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।

