संवाददाता धीरज वर्मा
आज़मगढ़।शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलरिया की चुंगी निवासी बेकरी संचालक आशीष गुप्ता ने मनबढ़ प्रवृत्ति के तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाया है। प्रार्थी का कहना है कि उनकी “शगुन बेकरी” के सामने लगातार अवैध रूप से ठेला लगाकर विवाद खड़ा किया जाता है।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि मोती सोनकर, मनोज सोनकर और मुनीब सोनकर पुत्रगण हरिहर सोनकर निवासी मुकेरीगंज न केवल राहगीरों और ग्राहकों से गाली-गलौज करते हैं, बल्कि आए दिन झगड़ा भी करते हैं। प्रार्थी ने बताया कि पूर्व में जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने जबरदस्ती लगाए गए ठेले को हटवाया भी था।
पीड़ित का कहना है कि 23 सितम्बर को सुबह लगभग 9 बजे ठेला लगाने से रोकने पर आरोपित पक्ष ने सामूहिक रूप से दुकान पर चढ़कर मारपीट की कोशिश की और मां-बहन की गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।
आरोप है कि इस घटना की सूचना बलरामपुर चौकी को देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक आज़मगढ़ से लिखित शिकायत कर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
