आजमगढ़।
निजामाबाद तहसील क्षेत्र के सरायमीर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना सरायमीर रेलवे क्रॉसिंग के पास की है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान देवेश कुमार पुत्र बहादुर, निवासी कोल्ह, कोतवाली फूलपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आसनसोल–गोंडा एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सरायमीर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल आउटर सिग्नल के अंदर होने के कारण यह क्षेत्र जीआरपी (Government Railway Police) के अंतर्गत आता है। इसके बाद सरायमीर पुलिस ने मामले की सूचना जीआरपी आजमगढ़ को दी।
जीआरपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, आवश्यक पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक साइकिल से घटनास्थल पर पहुंचा था और अपनी साइकिल रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ी कर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद रेलवे क्रॉसिंग पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
