संवाददाता, आजमगढ़।

थाना निजामाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी उप-निरीक्षक बनकर शादी करने और पुलिस वर्दी पहनकर लोगों से ठगी करने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के कब्जे से उप-निरीक्षक की वर्दी, फर्जी परिचय पत्र, ज्वाइनिंग लेटर समेत कूटरचित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रदीप यादव पुत्र मोतीलाल यादव निवासी ग्राम मड़ना थाना अहरौला के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है।

दहेज व नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी

पुलिस के अनुसार, पीड़िता श्रीमती काजल यादव निवासी मिठ्ठनपुर हादीअली थाना निजामाबाद ने 4 सितंबर 2025 को तहरीर दी थी कि अभियुक्त ने स्वयं को पीएसी सिपाही व उप-निरीक्षक बताकर 16 फरवरी 2022 को उससे विवाह किया। विवाह के दौरान करीब आठ लाख रुपये, सोने के आभूषण व घरेलू सामान लिया गया। बाद में अतिरिक्त दहेज व वाहन की मांग कर उत्पीड़न किया गया।

अभियुक्त ने वर्ष 2023 की उप-निरीक्षक भर्ती में चयन व मेडिकल के नाम पर एक लाख रुपये और ऐंठ लिए। जांच में सामने आया कि अभियुक्त का पुलिस विभाग से कोई संबंध नहीं है।

पीड़िता को धमकाने पहुंचा था वर्दी पहनकर

20 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि अभियुक्त पुलिस वर्दी पहनकर पीड़िता को धमकाने आया है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अभियुक्त को सुबह 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया। मामले में विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया है।

पूछताछ में कबूला अपराध

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अच्छी शादी और धन लाभ के लालच में फर्जी सिपाही व दरोगा के परिचय पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कराए। वह प्रयागराज के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में तैनाती का झांसा देकर लोगों को गुमराह करता रहा और वर्दी पहनकर ठगी करता था।

बरामद सामग्री

पुलिस ने अभियुक्त के पास से दो फर्जी पुलिस आई-कार्ड, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, नेम प्लेट, उप-निरीक्षक की पूरी वर्दी, आधार-पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और 1117 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम

उप-निरीक्षक कमला प्रसाद व वरिष्ठ उप-निरीक्षक सविन्द्र राय, थाना निजामाबाद, आजमगढ़ शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *