आजमगढ़।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों को त्वरित आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद आजमगढ़ में यूपी–112 के अंतर्गत 57 चार पहिया एवं 16 दो पहिया पीआरवी का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में यूपी–112 के प्रचार–प्रसार एवं जन-जागरूकता को बढ़ाने के लिए 29 एवं 30 दिसंबर 2025 को दो दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को पुलिस महानिदेशक यूपी–112 लखनऊ के निर्देश, पुलिस उप महानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत कुल 6 प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक और संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान का शुभारंभ थाना कोतवाली की सिविल लाइंस चौकी अंतर्गत कलेक्ट्रेट चौराहे से किया गया, जिसका उद्घाटन अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन द्वारा किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम जनमानस को पुलिस, फायर सर्विस, मेडिकल सर्विस, महिला पीआरवी, नाइट एस्कॉर्ट, सवेरा योजना सहित यूपी–112 की विभिन्न आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों की सुरक्षा को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। साथ ही एलईडी वैन के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित कर डायल 112 के सही एवं समय पर उपयोग की महत्ता को सरल भाषा में समझाया गया। अभियान की थीम “जन जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” रखी गई।
मुख्यालय एवं जनपदीय यूपी–112 टीम द्वारा कलेक्ट्रेट चौराहे के अतिरिक्त पहाड़पुर तिराहा, भंवरनाथ तिराहा, हाईडिल तिराहा, नरौली तिराहा एवं मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव चौराहे पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में निरीक्षक अभय राज मिश्रा (प्रभारी यूपी–112, आजमगढ़) एवं निरीक्षक अमित कुमार शुक्ला (मुख्यालय यूपी–112) सहित मुख्यालय व जनपदीय टीम के कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
