आजमगढ़।
आज दिनांक 4 फरवरी 2026 को अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले तमसा तट स्थित पचपेड़वा घाट पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महोगनी एवं बेल के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि रविवार को पौधारोपण के माध्यम से देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह संदेश दिया जा रहा है कि पुरानी पेंशन योजना (OPS) कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा है और इसे हर हाल में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक सभी संगठन एकजुट होकर संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक पुरानी पेंशन की बहाली संभव नहीं है।
वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया ने बताया कि अटेवा पेंशन बचाओ मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में पूरे देश के कर्मचारी अपने भविष्य और बुढ़ापे की सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन की लड़ाई लड़ रहे हैं, जिसे सरकार को शीघ्र लागू करना चाहिए।
कार्यालय सचिव सुनील सिंह ने प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि जब तक ओपीएस बहाल नहीं होती, तब तक आंदोलन और संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।
वहीं ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान ने कहा कि देश के सभी कर्मचारी संगठनों को एकजुट होकर अपनी मांगों को बुलंद आवाज में सरकार के समक्ष रखना होगा, तभी पुरानी पेंशन योजना को लागू कराया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में “जय युवा, जय अटेवा” के नारे लगाए गए।
इस अवसर पर
जिला अध्यक्ष सीपी यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, कार्यालय सचिव सुनील सिंह, ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान, ब्लॉक मंत्री रामप्यारी, आशीष कुमार, बृजेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थान – पचपेड़वा घाट, तमसा तट, जनपद आजमगढ़
