आजमगढ़।
जनपद में स्वच्छता नियंत्रण अभियान के तहत जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देशानुसार सभी विकास खंडों की ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मौजूदा समय में फैल रहे विभिन्न संक्रामक रोगों के खतरे को देखते हुए यह अभियान और भी महत्वपूर्ण हो गया है।
अभियान के अंतर्गत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा गांवों की गलियों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, पंचायत भवनों और संपर्क मार्गों पर व्यापक साफ-सफाई की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि गंदगी से फैलने वाली बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वच्छता ही रोगों से बचाव का सबसे कारगर उपाय है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नियमित साफ-सफाई के साथ लोगों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और अपने गांव को स्वच्छ व स्वस्थ बनाने में योगदान दें।
