आजमगढ़।

अभियन्ता संघ क्षेत्रीय शाखा उत्तर प्रदेश की एक आकस्मिक बैठक बुधवार को आजमगढ़ स्थित साईं होटल के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आजमगढ़ क्षेत्र के तीनों जनपद—आजमगढ़, मऊ और बलिया—के अभियंताओं व संघ के सदस्यों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान वक्ताओं ने विभागीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उनके समाधान के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार व वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की रणनीति तय की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान मुख्य अभियन्ता द्वारा संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है तथा स्थानांतरण सहित अशोभनीय व अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है, जिससे अभियंताओं में आक्रोश व्याप्त है।

सदस्यों ने चिंता जताई कि मुख्य अभियन्ता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों पर भी दबाव बनाकर उपखंड अधिकारियों व अवर अभियंताओं का उत्पीड़न कराया जा रहा है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इन समस्याओं के विरोध में बनाई गई आगामी रणनीति का समर्थन किया और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन व ध्यानाकर्षण कार्यक्रम में भाग लेने की तत्परता जताई। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रतिदिन आयोजित होने वाली लंबी व अनिश्चित समय तक चलने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) से अभियंताओं को कठिनाई हो रही है। संघ ने मांग की कि वीसी का आयोजन साप्ताहिक हो और उसकी समय सीमा निर्धारित की जाए।

बैठक की अध्यक्षता इं. उपेन्द्र नाथ चौरसिया ने की, जबकि संचालन इं. तुषार श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *