जनपद आजमगढ़ के विकास खंड मिर्जापुर, ग्राम मद्धूपुर में मानवता की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब एक बीमार और असहाय गाय को बचाने के लिए डायल 112 पीआरवी और पशुपालन विभाग की 1962 पशु एंबुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्थानीय पत्रकार विष्णु शर्मा ने डायल 112 पर सूचना दी कि उनकी गाय पिछले तीन दिनों से सड़क पर बैठी हुई है और उठ नहीं पा रही है। भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण गाय की हालत लगातार बिगड़ रही थी और वह हांफ रही थी। काफी प्रयासों के बावजूद गाय को खड़ा नहीं किया जा सका।
सूचना मिलते ही महिला पीआरवी स्कॉर्पियो (UP32DG7471) के चालक धर्मेंद्र यादव एवं उपनिरीक्षक सत्यनारायण राय अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पीआरवी टीम की मदद से गाय को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 1962 पशु एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां डॉ. अरविंद यादव और चालक हीरालाल कन्नौजिया ने गाय का प्राथमिक उपचार शुरू किया। मौके पर ही जरूरी दवाएं दी गईं और देखभाल की व्यवस्था की गई, जिससे गाय की हालत में सुधार होने लगा।
बताया जा रहा है कि जनपद में कुल 9 पशु एंबुलेंस गाड़ियां संचालित हैं, जिनमें 4 इमरजेंसी सेवाओं में तैनात हैं, जबकि अन्य टीमें गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चला रही हैं। खास बात यह है कि मात्र 5 रुपये के नाममात्र शुल्क पर पशुओं का इलाज किया जा रहा है, जिससे यह सेवा आम पशुपालकों के लिए बेहद सुलभ बन गई है।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बेजुबान की जान बच सकी। वहीं स्थानीय लोगों ने डायल 112 और 1962 एंबुलेंस टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय कार्य की जमकर सराहना की।
