रंजिश में नाबालिग आरोपी ने रची साजिश, पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर बरामद किए अहम साक्ष्य

आजमगढ़, 29 अप्रैल 2026:

जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। इस मामले में एक बाल अपचारी को पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है, जिसने बारात के दौरान युवक को बहाने से ले जाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल को ग्राम नासिरुद्दीनपुर निवासी रामधारी प्रजापति ने सूचना दी थी कि उनका भतीजा सूरज प्रजापति, जो बारात में गया था, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। बाद में उसका शव गांव के कब्रिस्तान में झाड़ियों के बीच बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

ऐसे हुआ खुलासा:

घटना के अगले ही दिन 29 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नैपुरा अंडरपास के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध बाल अपचारी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

रंजिश बनी वजह:

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची।

वारदात का तरीका:

बारात के दौरान आरोपी ने पत्तल लाने का बहाना बनाकर सूरज को मोटरसाइकिल से सुनसान नहर किनारे ले गया, जहां पीछे से ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को पहले नहर में छिपाया और फिर घसीटकर कब्रिस्तान की झाड़ियों में डाल दिया। वारदात के बाद आरोपी दोबारा बारात में शामिल हो गया, ताकि किसी को शक न हो।

सबूत मिटाने की कोशिश नाकाम:

घटना के बाद आरोपी खून से सने कपड़े और जूते जलाने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी:

₹310 नकद

एंड्रॉयड मोबाइल (OPPO)

मोटरसाइकिल HF Deluxe (UP 50 CF 7963)

खून से सने कपड़े व जूते

पुलिस टीम की भूमिका:

इस खुलासे में थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सिंह, उपनिरीक्षक लोकेश मणि त्रिपाठी सहित थाना तहबरपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *