फर्जी फर्म बनाकर चलता था करोड़ों की ITC/GST चोरी का खेल, पंजाब से दबोचे गए आरोपी
आजमगढ़। अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और थाना सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्मों के जरिए GST/ITC चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात/नोडल साइबर क्राइम) विवेक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार (निवासी लुधियाना, पंजाब) और बलजीत सिंह (निवासी फतेहगढ़ साहिब, पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले में पहले 07 जुलाई 2025 को थाना सिधारी में GST विभाग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंकज इंटरप्राइजेज, भोलानाथ इंटरप्राइजेज, शिवम ट्रेडर्स और वी.के. इंटरप्राइजेज जैसी कई फर्जी फर्म बनाकर टैक्स चोरी कर रहे थे। गिरफ्तार अभियुक्तों को पंजाब के गोबिंदगढ़ से पकड़ा गया। 29 अप्रैल 2026 को फतेहगढ़ साहिब की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें आजमगढ़ लाया गया, जहां उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। जांच में यह भी सामने आया कि विकास कुमार ने फर्जी फर्म खोलने के लिए अपने दस्तावेज उपलब्ध कराए, जबकि बलजीत सिंह ने कई सिम कार्ड मुहैया कराकर इस नेटवर्क को संचालित करने में मदद की। उसके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कई फर्जी कंपनियों के संचालन में किया गया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी
