निर्माणाधीन चंधासी पुलिस चौकी, चंधासी कोयला मंडी तथा थाना मुगलसराय के व्यवस्थाओं का लिया जायजा

डीडीयू नगर। जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शुक्रवार को थाना मुगलसराय क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन चंधासी पुलिस चौकी, चंधासी कोयला मंडी तथा थाना मुगलसराय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लगातार सात दिनों से चल रहे विशेष अभियान का असर यह रहा कि जिस मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन ट्रकों की लंबी कतार लगती थी, वह शुक्रवार को लगभग खाली दिखाई दिया।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक चंधासी कोयला मंडी पहुंचे, जहां भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। लंबे समय से मंडी के सामने मुख्य सड़क पर ट्रकों के खड़े होने से जाम की समस्या बनी रहती थी। स्थानीय लोगों और राहगीरों को घंटों परेशानी उठानी पड़ती थी। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। यातायात पुलिस द्वारा बीते सात दिनों में 1772 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 37 लाख 14 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही ट्रांसपोर्ट कारोबारियों से लगातार वार्ता कर ट्रकों को मुख्य मार्ग के बजाय सर्विस रोड पर खड़ा करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान का असर निरीक्षण के दौरान साफ दिखाई दिया, जब मुख्य सड़क लगभग खाली मिली और अधिकांश ट्रक सर्विस लेन में खड़े पाए गए। हालांकि कुछ स्थानों पर अब भी ट्रक खड़े मिले, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात निरीक्षक और उनकी टीम की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि पीक ऑवर्स में प्रमुख चौराहों और मंडी के प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल तैनात किया जाए तथा सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी तेज की जाए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने थाना मुगलसराय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा के साथ-साथ धाने की आधारभूत सुविधाओं और पुलिसकर्मियों के कल्याण से जुड़े पहलुओं पर भी विशेष ध्यान दिया। एसपी ने थाने में तैनात नए आरक्षियों से सीधे संवाद कर उनके प्रशिक्षण और फील्ड ड्यूटी के अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आधुनिक अपराध नियंत्रण तकनीकों की जानकारी हर पुलिसकर्मी के लिए जरूरी है और प्रशिक्षण की गुणवत्ता ही पुलिस की कार्यक्षमता तय करती है। निरीक्षण के दौरान धाने परिसर में जलभराव और क्षतिग्रस्त बाउंड्री वॉल की समस्या भी सामने आई। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जल्द सुधार कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही धाना कार्यालय के अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर और विवेचना फाइ‌लों का निरीक्षण करते हुए सभी अभिलेखों को डिजिटल और भौतिक रूप से अद्यतन रखने तथा लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बैरक, मेस और शौचालयों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की स्वच्छता और पुलिसकर्मियों के रहन-सहन के स्तर में सुधार लाने पर जोर देते हुए नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *