आज़मगढ़। सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में आयोजित 99 यूपी बटालियन एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-313) के छठवें दिन “आधुनिक कृषि में युवाओं की भूमिका” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री दुर्गा जी पीजी कॉलेज, चंडेश्वर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सर्वेश कुमार ने कैडेटों को संबोधित किया।

डॉ. सर्वेश कुमार ने कहा कि भारत के युवा आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाकर देश की तस्वीर बदलने में सक्षम हैं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, नवीन तकनीकों तथा युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने ऑर्गेनिक फार्मिंग, नेचुरल फार्मिंग, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन तकनीक, ऑटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) जैसी आधुनिक तकनीकों के कृषि क्षेत्र में बढ़ते उपयोग की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि युवा इन तकनीकों का उपयोग कर कृषि को अधिक उत्पादक, लाभकारी और पर्यावरण-अनुकूल बना सकते हैं। साथ ही कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं और किसानों से इनका लाभ उठाकर कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने की अपील की।

अपने संबोधन में डॉ. कुमार ने अनुशासन के तीन प्रमुख स्तंभ—नैतिकता, निष्ठा और ईमानदारी—को सफल जीवन एवं नेतृत्व का आधार बताया। उन्होंने कहा कि ये मूल्य एक अच्छे कैडेट के साथ-साथ जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन सेकेंड ऑफिसर दिनेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा एवं डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल जे.बी. सिंह ने डॉ. सर्वेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक राजेन्द्र यादव ने उन्हें अंगवस्त्रम प्रदान किया।

व्याख्यान के दौरान कैडेटों ने आधुनिक कृषि, सरकारी योजनाओं, खाद्य गुणवत्ता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के कैडेट्स, एसएम, पीआई स्टाफ तथा सहयुक्त एनसीसी अधिकारी उपस्थित रहे।

— लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह

सहयुक्त एनसीसी अधिकारी

3 कंपनी/99 यूपी बटालियन एनसीसी, आज़मगढ़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *