पूर्णकालिक वित्त अधिकारी मिलने से विश्वविद्यालय को मिलेगी नई गति: कुलपति
शैलेश गिरि ने संभाला कार्यभार, वित्तीय पारदर्शिता और संसाधन प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ को लंबे समय बाद पूर्णकालिक वित्त अधिकारी मिल गया है। नव नियुक्त वित्त अधिकारी शैलेश गिरि ने बुधवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
शैलेश गिरि इससे पूर्व लखनऊ स्थित जवाहर भवन में चिकित्सा शिक्षा विभाग में वित्त अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं। विशेष बात यह है कि विश्वविद्यालय के शुरुआती दौर में जब इसका कैंप कार्यालय डीएवी पीजी कॉलेज, आजमगढ़ में संचालित होता था, तब भी वे इसी विश्वविद्यालय में वित्त अधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के समग्र विकास में वित्तीय अनुशासन और संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उनकी प्राथमिकताओं में वित्तीय प्रबंधन को मजबूत करना, बजट निर्माण की प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाना, आय-व्यय में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा सभी वित्तीय कार्यों को शासन एवं विश्वविद्यालय के नियमों के अनुरूप संचालित करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में डिजिटल वित्तीय प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे भुगतान, लेखांकन एवं वित्तीय निगरानी की प्रक्रियाएं सरल, त्वरित और पारदर्शी बन सकें। समयबद्ध वेतन भुगतान, ऑडिट संबंधी मामलों के निस्तारण तथा वित्तीय जवाबदेही को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शैलेश गिरि ने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, शोध एवं आधारभूत संरचना विकास के लिए उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदानों और अन्य स्रोतों से वित्तीय संसाधन जुटाने की संभावनाओं पर भी कार्य किया जाएगा, जिससे विश्वविद्यालय की विकास योजनाओं को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने नवागत वित्त अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय बाद विश्वविद्यालय को पूर्णकालिक वित्त अधिकारी मिला है, जो संस्थान की प्रगति के लिए सुखद संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शैलेश गिरि के प्रशासनिक अनुभव और वित्तीय प्रबंधन कौशल का लाभ विश्वविद्यालय को मिलेगा तथा वित्तीय व्यवस्थाएं और अधिक सुगम होंगी।
परीक्षा नियंत्रक एवं निवर्तमान वित्त अधिकारी जग नारायण झा ने समेकित रूप से कार्यभार हस्तांतरित किया तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि शैलेश गिरि के अनुभव और दक्षता से विश्वविद्यालय की वित्तीय व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
इस दौरान कुलपति प्रो. संजीव कुमार, परीक्षा नियंत्रक जग नारायण झा, आनंद मौर्य तथा सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— डॉ. प्रवेश सिंह
मीडिया प्रभारी, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़
