चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पिकअप वाहन से 02 गोवंश बरामद, तस्करी में शामिल आरोपी गिरफ्तार
चन्दौली पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 02 राशि गोवंश बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में थाना चन्दौली पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की गई।
प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मुख्य मार्ग पर लीलापुर फाटक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चन्दौली की तरफ से आ रही एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन रोककर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राकेश पासवान पुत्र सच्चन पासवान निवासी ग्राम कोरी थाना अलीनगर जनपद चन्दौली उम्र करीब 26 वर्ष के रूप में हुई। जब पुलिस ने पिकअप वाहन संख्या UP65HT4439 की तलाशी ली तो उसमें 02 राशि गोवंश बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर काफी समय से अवैध गौवंश तस्करी का कार्य कर रहा था। दोनों मिलकर क्षेत्र में घूमने वाले निराश्रित और आवारा गौवंशों को पकड़कर बिहार राज्य तक पहुंचाते थे। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि लोगों को शक न हो, इसलिए अक्सर गाय के साथ उसके बछड़े या बछिया को भी वाहन में रखा जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी वर्ष 2020 में गौवंश तस्करी के मामले में पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
- पिकअप वाहन संख्या UP65HT4439
- 02 राशि गोवंश
गिरफ्तार आरोपी
- राकेश पासवान पुत्र सच्चन पासवान निवासी ग्राम कोरी थाना अलीनगर जनपद चन्दौली
पुलिस टीम
- प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय
- उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार
- उपनिरीक्षक रामनाथ यादव
- रि0आ0 आशुतोष
- रि0आ0 महेश पटेल

