आजमगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज जिला कांग्रेस कार्यालय, आजमगढ़ में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शाकिर सनादी, राज्य मंत्री, कर्नाटक सरकार एवं एआईसीसी प्रभारी–संगठन सृजन अभियान, आजमगढ़, तथा पीसीसी पर्यवेक्षक डॉ. प्रमोद कुमार पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस सेवादल; डॉ. अमित कुमार राय, चेयरमैन, शिक्षक कांग्रेस; एवं बृजेश सिंह गाट, पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, बलिया कांग्रेस उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उनके देश के आधुनिकीकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज एवं युवा शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में किए गए योगदान को याद किया गया।

शाकिर सनादी ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माण की दूरदृष्टि रखने वाले नेता थे। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी और संचार के क्षेत्र में भारत को नई दिशा देने के साथ युवाओं को देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर दिया। राजीव गांधी के विचार और आधुनिक भारत का उनका दृष्टिकोण आज भी देश के युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देता है।

इसके बाद सगड़ी एवं मुबारकपुर विधानसभा की संगठन सृजन अभियान के तहत समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति, संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संबंध में विस्तृत फीडबैक लिया गया। पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनीं।

शाकिर सनादी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका जमीनी कार्यकर्ता है। सगड़ी एवं मुबारकपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक को संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन, उनके विचार और आधुनिक भारत के निर्माण का उनका सपना कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं, तकनीक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से आजमगढ़ में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। सगड़ी एवं मुबारकपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से प्राप्त सुझावों और जमीनी फीडबैक को संगठन की आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।

कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठकों में रियाजुल हसन , राहुल राय , गिरीश चंद्र चतुर्वेदी , अंसार अहमद , चंद्रपाल सिंह यादव , तेज बहादुर यादव , विपिन कुमार पाठक , मुन्नू यादव , अजीत राय , मनोज सिंह , रविकांत त्रिपाठी , मो. आमिर , नजम शमीम , सीमा भारती , शीला भारती , प्रेमा चौहान , ओम प्रकाश यादव , अरविंद जैसवार, नवनीत राय सहित बड़ी संख्या में जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं मंडल स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी, बूथ कार्यकर्ता तथा कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *