आजमगढ़। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बड़ी राहत दिलाई है।

दरअसल, हाफिजपुर निवासी चंद्रभान गुप्ता के पास एक व्यक्ति ने रिश्तेदार बनकर फोन किया और पैसे की मांग की। उसकी बातों में आकर चंद्रभान गुप्ता ने पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ।

मामले की जानकारी मिलते ही उपनिरीक्षक सागर सिंह के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और संबंधित खातों में भेजी गई ₹30,000 की पूरी धनराशि होल्ड करा दी।

पुलिस की कार्रवाई के बाद ₹10,392 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई है, जबकि शेष धनराशि भी दो दिन के भीतर वापस मिलने की बात कही गई है।

साइबर हेल्प डेस्क ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर से आने वाले फोन पर खुद को रिश्तेदार, बैंक अधिकारी या पुलिसकर्मी बताकर पैसे मांगने वालों पर तुरंत भरोसा न करें। किसी भी तरह का ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी तरह पुष्टि जरूर करें।

साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *