चंदौली। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि धार्मिक आयोजनों में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। सभी आयोजन पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही संपन्न कराए जाएंगे। उन्होंने दुर्गापूजा पंडालों में विद्युत तारों और कनेक्शनों की जांच कराने तथा सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
मूर्ति विसर्जन और रावण दहन स्थलों पर सुरक्षा के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, रावण दहन स्थलों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया। अधिकारियों को त्योहारों के दौरान सतर्क रहकर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
संवेदनशील स्थलों का होगा संयुक्त निरीक्षण
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संबंधित अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और आयोजन स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने तथा कमियों को समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान आवागमन बाधित न हो, इसके लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन पर भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा, सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में पनीर, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कराने तथा मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों को जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
AKCLIVENEWS18
संवाददाता: हयात हुसैन अंसारी
