फार्मासिस्टों ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन,संविदा फार्मासिस्टों के नियमितीकरण और रिक्त पदों पर तत्काल भर्ती की उठाई मांग

 

(संवाददाता हामिद अली)

गोण्डा से यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन की जिला इकाई ने फार्मासिस्टों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों के निस्तारण को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष रोहित मिश्रा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित चार सूत्रीय मांग पत्र नायब तहसीलदार मोहम्मद रियाज को सौंपा और समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

सौंपे गए ज्ञापन में फेडरेशन ने आयुष्मान भारत योजना व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सीएचओ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की तैनाती वाले सभी केंद्रों पर फार्मासिस्ट की अनिवार्य नियुक्ति की मांग की। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में कार्यरत सभी संविदा फार्मासिस्टों को नियमित करने के लिए समयबद्ध नीति बनाने, स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्टों के सभी रिक्त पदों को चिन्हित कर तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू करने तथा प्रदेश के समस्त उपकेंद्रों पर फार्मासिस्ट के पद सृजित कर तैनाती सुनिश्चित करने की आवाज उठाई गई।जिलाध्यक्ष ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा और दवा वितरण व्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। जहां भी दवाओं का भंडारण और वितरण होता है, वहां फार्मासिस्ट की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए, जिससे मरीजों को दवाओं का सही रख-रखाव और उचित परामर्श मिल सके। उन्होंने शासन-प्रशासन से फार्मासिस्टों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अंशुमान मिश्रा, संजय अवस्थी, कोषाध्यक्ष सनत कुमार पांडेय, गोपाल साहू, आदर्श शुक्ला, अनुराग तिवारी, अंकित तिवारी, बृजभूषण पांडेय, विशाल शुक्ला, राजू विश्वकर्मा, महेश साहू, आलोक मिश्रा, हिमांशु शुक्ला और आयत अंसारी सहित संगठन के कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *