आजमगढ़, दिनांक 21 अक्टूबर 2026।

वित्तीय सेवाओं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय विकासखंड अंतर्गत सेठवल ग्राम पंचायत में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 30 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में श्री अभिषेक कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), आजमगढ़ एवं श्री अमित कुमार, वित्तीय समावेशन नोडल अधिकारी द्वारा उपस्थित महिलाओं को विभिन्न वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), अटल पेंशन योजना (APY) तथा प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) के लाभों से अवगत कराते हुए पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त, बैंक खातों की री-केवाईसी (Re-KYC), केंद्रीय केवाईसी (CKYC), बैंक खातों में नामांकन (Nomination) के महत्व तथा जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता निधि (DEAF Fund) के अंतर्गत पात्र दावों की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बैंकिंग सेवाओं के नियमित उपयोग और वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।

शिविर में CFL प्रतिनिधियों एवं बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) ने भी सहभागिता की तथा ग्रामीणों को विभिन्न बैंकिंग सेवाओं और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने में सहयोग प्रदान किया।

इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं में वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने प्रत्येक पात्र परिवार तक बैंकिंग सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने की प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *