कार से 2,41,500 रुपये नकद, चुनाव प्रचार सामग्री, वोटर सूची और बैलेट पेपर के प्रतिरूप बरामद

आजमगढ़। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 में आदर्श आचार संहिता के अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सिधारी थाना क्षेत्र में फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दौलतपुर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान सफेद रंग की किआ सेल्टोस कार से चार लोगों को पकड़ा गया। तलाशी में 2 लाख 41 हजार 500 रुपये नकद, चुनाव प्रचार सामग्री, वोटर स्लिप, बैलेट पेपर के प्रतिरूप और विभिन्न विद्यालयों के मतदाताओं की सूचियां बरामद हुईं।

लिफाफे में रुपये रखकर बांटने की बात बताई

पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को उपजिलाधिकारी सदर अविनाश गौतम के नेतृत्व में गठित फ्लाइंग स्क्वाड टीम आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के तहत दौलतपुर पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या UP54AX2379 को रोककर उसमें सवार चार लोगों की तलाशी ली गई।

वाहन की बीच वाली सीट पर पांच सफेद झोले मिले, जिन पर गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र और प्रबंधक का नाम अंकित था। झोलों की जांच में भारी मात्रा में चुनाव प्रचार पंपलेट, हैंडबिल, वोटर स्लिप, बैलेट पेपर के प्रतिरूप और विभिन्न शिक्षकों की सूचियां बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों ने रुपये लिफाफे में रखकर बांटने जाने की बात बताई। मामले में थाना सिधारी पर मुकदमा संख्या 431/26 के तहत धारा 173 बीएनएस और धारा 123(1), लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिरासत में लिए गए चार व्यक्ति

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान सुभाष सिंह निवासी करमी, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ; राजेश कुमार पांडेय निवासी कस्बा सिधारी, जनपद आजमगढ़; शिवमोहन सिंह निवासी समेदा, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़; और शिवगोविंद सिंह निवासी करमी, थाना चिरैयाकोट, जनपद मऊ के रूप में हुई है।

नकदी समेत वाहन और चार मोबाइल बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2,41,500 रुपये नकद, भारी मात्रा में चुनाव प्रचार सामग्री, एक किआ सेल्टोस कार और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

स्रोत: थाना सिधारी, आजमगढ़ की प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक 22 अक्टूबर 2026।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *