आजमगढ़। रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, विशाल मेगा मार्ट और घंटाघर सहित नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।

इस दौरान लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने के प्रति जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने की भी अपील की गई।

कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव, सीओ यातायात किरण पाल सिंह, यातायात पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। यातायात माह 1 से 30 नवंबर तक चलेगा, जिसमें विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों और प्रवर्तन कार्रवाइयों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *