गहजी इंटर कॉलेज में हीरक जयंती समारोह कृतज्ञता का महापर्व, …. डॉ नागेंद्र प्रताप
आजमगढ़। जनपद से सुदूर अंचल में स्थित श्री शंकर जी इंटर कॉलेज कटवा गहजी आजमगढ़ के हीरक जयंती समारोह में आज तीसरे दिन विचारों का संगम दिखा। दर्शक और श्रोता पूरे मनोयोग से ज्ञान की गंगा में गोते लगाते दिखे, ग्रामवासी क्षेत्रवासी तथा जनपद के विभिन्न स्थानों से पधारे श्रोता और अतिथिगण इतना समृद्ध मंच पाकर गदगद दिखे। मंच की एक खूबसूरती और थी सभी जेन-जी के प्रति मुखातिब दिखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार, मुख्य अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति श्री प्रवीण कुमार गिरी, विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद के पूर्व जिलाधिकारी एवं भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. एनपी सिंह, जगतगुरु रामभद्राचार्य विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलपति प्रो. आर.एन. त्रिपाठी मंच को गौरव प्रदान कर रहे थे।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि आज का यह मंच काफी समृद्ध है, विद्यार्थियों की तरफ मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि गति से ही प्रगति होती है, लक्ष्य का सही निर्धारण ,सही समय का प्रबंधन, निरंतरता, आत्मविश्वास आपके जीवन का मार्ग प्रशस्त करेगा, उन्होंने कहा कि आई ,कैन, का प्रयोग सफलता की गारंटी है । मैं नई पीढ़ी से अनुरोध करूंगा कि ज्ञान जहां से मिले,जिस रूप से मिले, उसे ग्रहण करें ।मन का अहम ज्ञान के विनाश का कारण बनता है।
मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति श्री प्रवीण कुमार गिरी ने अपने अतीत को याद करते हुए कई संस्मरण सुनाए, उन्होंने कहा कि गहजी इंटर कॉलेज में परीक्षा का सेंटर आने पर हम सभी डर जाते थे क्योंकि यहां नकल का नामोनिशान नहीं था। भले ही हम अहरौला इंटर कॉलेज के छात्र रहे परंतु एकलव्य का अंगूठा हम गहजी इंटर कॉलेज को ही समर्पित करते हैं । बाबू हरि नारायण सिंह शैक्षणिक क्षेत्र में मेरे आध्यात्मिक पिता के समान है। विचारों का आदान-प्रदान एक महा शक्तिशाली चुंबक के समान है, हमें हर हाल में मर्यादित रह करके देश की नींद व को मजबूत करना है।
चित्रकूट विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.एन. त्रिपाठी ने कहा कि संयमित जीवन लक्ष्य प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करता है। डॉ. दिनेश एवं डॉ आनंद द्वारा लिखित पुस्तक का सभी विद्तजनों ने लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में जिन महनीय लोगों की उपस्थिति थी उसमें प्रमुख थे, शिबली पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अफसर अली, तेरही पीजी कॉलेज के प्राचार्य एवं प्राचार्य संघ के महामंत्री प्रो. संत कुमार यादव, प्रो. अरुण कुमार सिंह, डॉ. प्रवेश सिंह ,डॉ. जयप्रकाश, शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. जरार अहमद आदि के साथ-साथ विद्यालय परिवार के सभी सदस्य, गैर शैक्षणिक कर्मचारी, ढेर सारे क्षेत्रवासी तथा विद्यालय के छात्र-छात्राऐं उपस्थित थे।
स्वागत भाषण शिक्षक संघ के अध्यक्ष एवं विद्यालय परिवार के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अशोक कुमार सिंह एवं प्रधानाचार्य श्री प्रवीण कुमार सिंह ने किया।
डॉ. प्रवेश सिंह मीडिया प्रभारी महाराजा सुहेलदेव विविआजमगढ़
मो नं 945244 5878
